Sarkari Naukri CG छत्तीसगढ़ शासन के विभिन्न विभागों में 3500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
छत्तीसगढ़ शासन के विभिन्न विभागों में युवाओं की भर्ती की प्रक्रिया बड़े पैमाने पर शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर वित्त विभाग ने अब तक करीब 8 विभागों में 3,474 पदों पर भर्ती के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। कमोबेश सभी विभाग रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को लेकर प्रस्ताव तैयार कर शासन से मंजूरी लेने में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री श्री साय की मंशा के अनुरूप विभागों में भर्ती की प्रक्रिया निर्बाध जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वित्त विभाग से मंजूरी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, गृह विभाग, विधि विभाग, आदिम जनजाति कल्याण, वन एवं पर्यावरण विभाग अपने-अपने विभागों में भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ में युवाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय की पहल पर पुलिस विभाग सहित अन्य शासकीय भर्तियों में युवाओं के लिए निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट का लाभ भी युवाओं को मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय की पहल पर वित्त विभाग ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में उप अभियंता (सिविल) के 118 पद तथा उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) के 10 पद सहित कुल 181 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी है।
इसी तरह गृह विभाग में सूबेदार, उप पुलिस निरीक्षक, प्लाटून कमांडर, नगर सैनिक सहित कुल 806 पदों पर भर्ती के लिए वित्त विभाग से मंजूरी मिली है। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत चिकित्सा अधिकारी, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स सहित अन्य संवर्ग के 1201 पदों पर मंजूरी के साथ ही छत्तीसगढ़ विधानसभा में सहायक मार्शल तथा आदिम जाति कल्याण विभाग में छात्रावास अधीक्षक के 300 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। वन विभाग में वनरक्षक सहित अन्य संवर्ग के कुल 66 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग आजीविका मिशन के अंतर्गत विभिन्न संवर्गों के 237 पद, विधि विभाग के अंतर्गत न्यायालयों में सिविल जज सहित अन्य संवर्गों के 362 पद तथा कृषि विभाग के अंतर्गत ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के 321 पदों पर भर्ती का रास्ता खुल गया है।
टिप्स:
- स्पष्ट और संक्षिप्त रहें।
- सच जानकारी भरें।
- टाइपो और व्याकरण संबंधी त्रुटियों से बचें।
- सभी आवश्यक दस्तावेजों को संलग्न करें।
- समय से पहले आवेदन करें।